
विदाई के बाद सीधे अस्पताल में भर्ती हो गए दूल्हा-दुल्हन, जानें वजह
शनिवार को एक दुल्हन पीहर से विदा होने के बाद दूल्हे के साथ अस्पताल पहुंच गई। चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार के पास सुबह दूल्हा-दुल्हन को लेकर जा रही बोलेरो गाड़ी आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। हादसे में कार ड्राइवर और दूल्हे के ताऊ की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार सुबह रतलाम के पास बड़नगर से पाली के लिए दो बोलेरो गाड़ियां दूल्हा- दुल्हन और परिजनों को लेकर रवाना हुई। दोनों की शुक्रवार रात ही शादी हुई थी। दूल्हे के रिश्तेदार तुलछाराम ने बताया कि एक गाड़ी में दूल्हा चेतन और दुल्हन दिव्या परिजनों के साथ थी। दूसरी गाड़ी में बाराती थे।
गंगरार चौराहे पर दूल्हा दुल्हन की गाड़ी आगे चल रहे कंटेनर में घूस गई। कंटेनर द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण हादसा हुआ। इसमें ड्राइवर भगाराम और दूल्हे के ताऊ मलाराम की मौके पर मौत हो गई वहीं, अन्य लोग घायल हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चौराहे पर कंटेनर ब्रेकर से आगे निकला ही था कि एक बाइक सवार रोड क्रॉस कर रहा था। उसके अचानक आगे आ जाने के कारण कंटेनर चालक ने ब्रेक लगाए। जिससे पीछे आ रही बोलेरो उसमें घुस गई।
हादसे की सूचना पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को क्रेन की सहायता से मौके से हटाया। काफी मशक्कत के बाद जाकर यातायात बहाल हो पाया।